जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी और पूज्य संतों का अपमान छत्तीसगढ़ की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और सांसद संतोष पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा चिरमिरी में चल रही जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी की कथा और पूज्य संतों को लेकर दिए गए अमर्यादित बयान पर बेहद कड़ा ऐतराज जताया है। श्री पाण्डेय ने इसे महंत का ‘सनातन विरोधी’ और ‘मानसिक दिवालियापन’ से भरा बयान करार दिया है। भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री पाण्डेय ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति और गांधी परिवार की गुलामी में अंधे होकर कांग्रेस नेता महंत ने अपनी मर्यादा खो दी है। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र, महान विद्वान पूज्य जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी सहित देश के प्रतिष्ठित संतों का अपमान करना कांग्रेस का मूल चरित्र ही हिंदू और सनातन विरोधी है।