*श्री शिवरीनारायण मठ में विजयादशमी के पावन अवसर पर गद्दी महोत्सव संपन्न*

*भूपेन्द्र यादव दैनिक अमरकंटक भूमि*
*विजयादशमी एवं माघ शुक्ल त्रयोदशी को वर्ष में दो बार आयोजित होता है गद्दी महोत्सव*
जांजगीर चांपा — विजयादशमी के पावन अवसर पर श्री शिवरीनारायण मठ में पारंपरिक श्रद्धा एवं आध्यात्मिक विधि-विधान के साथ गद्दी महोत्सव का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मठ में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। भव्य शोभा यात्रा का आयोजन मठ से मध्य नगरी चौक, मेला ग्राउंड होते हुए जनकपुर तक तथा यहां से पुनः मठ मंदिर तक संपन्न हुआ। इस बीच नगर वासियों के द्वारा जगह-जगह पर स्वागत किया गया। मठ मंदिर के कर्मचारियों ने गाजे -बाजे के साथ शौर्य प्रदर्शन किया। हवन -पूजन संपन्न होने के पश्चात गद्दी स्थल की सात परिक्रमा कर राजेश्री महन्त जी महाराज गद्दी पर विराजित हुए, सबसे पहले त्यागी जी महाराज फिर श्रीमती रीना सुखराम दास जी उसके पश्चात संत महात्माओं ने तथा श्रद्धालु भक्तों ने बारी बारी से पूजा अर्चना कर महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। अंततः राजेश्री महन्त जी महाराज श्रद्धालुओं के साथ में भगवान श्री शिवरीनारायण जी के दरबार में उपस्थित हुए एवं विश्व कल्याण की कामनाएं की।
उल्लेखनीय है कि श्री शिवरीनारायण मठ में गद्दी महोत्सव का आयोजन वर्ष में दो बार किया जाता है। प्रथम आयोजन विजयादशमी के पावन अवसर पर तथा द्वितीय आयोजन माघ शुक्ल त्रयोदशी को संपन्न होता है। यह महोत्सव मठ की धार्मिक परंपराओं, आध्यात्मिक आस्था एवं गुरु-परंपरा के प्रति श्रद्धा का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
इस अवसर पर राजेश्री महन्त जी महाराज ने अपने संदेश में -धर्म, आस्था, परंपरा एवं आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं को धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा सदाचार एवं सेवा भाव को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
गद्दी महोत्सव में विशेष रूप से पंकज अग्रवाल, श्रीमती अग्रवाल, हेमंत दुबे, बृजेश की शेरवानी, वीरेंद्र तिवारी, निरंजन लाल अग्रवाल, पवन सुल्तानिया, नारायण खंडेलिया, राजेश शर्मा,राजू शर्मा, सुबोध शुक्ला, ओम प्रकाश सुल्तानिया, शत्रुघ्न शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा,उदय राम केवट, ज्ञानेश शर्मा,रामचरण कर्ष, रामकृष्ण कश्यप, बृजभूषण द्विवेदी,भुवन दास वैष्णव, भरत दास वैष्णव, भोला दास वैष्णव, गजेंद्र वैष्णव, शिवकुमार साहू, पुरेन्द्र सोनी, खगेश वैष्णव, आदित्य जी, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों, गणमान्य नागरिकों एवं अति विशिष्ट जन की उपस्थिति रही। संपूर्ण आयोजन धार्मिक श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। समाचार लिखे जाने तक मिलने जुलने वालों का तांता लगा हुआ है।