छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन लोरमी ने विभिन्न मांगों को लेकर बीईओ को सौंपा ज्ञापन, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग

लोरमी —

आज छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन लोरमी के सभी सक्रिय सदस्यों एवं पदाधिकारियों द्वारा विकास खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय लोरमी में पहुंचकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और ज्ञापन सौंपा गया।
संघ के अध्यक्ष मिल्लू राम यादव के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में शिक्षकों को पेश आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
प्रमुख चर्चा एवं ज्ञापन के मुख्य बिंदु:
1. CGVSK ऐप की तकनीकी समस्याएं और उपस्थिति: संघ ने बताया कि CGVSK ऐप शत-प्रतिशत सफल नहीं हो रहा है और इसमें लगातार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे सभी शिक्षकों द्वारा शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन संभव नहीं है। पूर्व में नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति की बात कही गई थी, जिस पर संघ ने मांग रखी कि सभी शिक्षकों के लिए एकरूपता अपनाते हुए केवल बायोमेट्रिक आधार पर ही उपस्थिति ली जाए।
2. वेतन रोकने पर रोक का आश्वासन: जब तक CGVSK ऐप पूरी तरह अपडेट और सुचारू नहीं हो जाता, तब तक किसी भी शिक्षक का वेतन न रोके जाने का पक्ष संघ ने रखा। इस पर संबंधित अधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा।
3. संतान पालन अवकाश और नगदीकरण: संतान पालन अवकाश न लेने वाले शिक्षकों को अवकाश के विरुद्ध नगदीकरण का लाभ दिए जाने तथा पुरुष शिक्षकों को भी इसका उचित लाभ प्रदान किए जाने की मांग को लेकर शिक्षा सचिव और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
4. मोबाइल भत्ता प्रदान करने की मांग: शिक्षकों से आए दिन निजी मोबाइल से शासकीय कार्य कराए जाने के कारण उन पर अनावश्यक वित्तीय भार बढ़ रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी शिक्षकों को मोबाइल भत्ता प्रदान करने की मांग की गई।
5. शाला संचालन में एकरूपता: क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के संचालन में एकरूपता बरतने पर चर्चा की गई तथा इस संबंध में आवश्यक आदेश तत्काल जारी करने का आग्रह किया गया।
6. ऐप की अन्य विसंगतियों का समाधान: CGVSK ऐप की विभिन्न विसंगतियों—जैसे अवकाश, ऑन-ड्यूटी, बच्चों की हाजिरी, और स्कूल परिसर में रहने के बावजूद अधिक दूरी बताने जैसी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की गई।
7. अन्य प्रशासनिक मांगें: इसके अतिरिक्त शिक्षकों की सेवा पुस्तिका के संधारण, टीईटी (TET) सर्टिफिकेट की एंट्री, जीपीएफ पासबुक अपडेट करने, शासकीय स्कूलों में अप्राप्त पाठ्य-पुस्तकों को तत्काल उपलब्ध कराने तथा मर्ज शालाओं में आवश्यक वित्तीय सहयोग प्रदान करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से अध्यक्ष मिल्लू राम यादव, जिला पदाधिकारी रामसिंह ठाकुर, उमेश कश्यप, विकास खंड पदाधिकारी सुनील शर्मा, लेखराम राजपूत, रामस्वरूप ध्रुव, लेखराम नेताम तहसील अध्यक्ष, रहीम डाहिरे तहसील अध्यक्ष युगल राजपूत, रोशन सिंह, कीर्ति राजपूत, रामगोपाल निषाद, सुरेंद्र राजपूत, रामफल साहू, अशोक टोंडे,राजा सिंह मिरी, नोहर कोहली, सविता शर्मा, चंद्रहासिनी ध्रुव, गणेश राजपूत, गिरीश राजपूत, रामभरोस ठाकुर, बसंत पटेल, विरेंद्र ध्रुव, आनंद गुप्ता, राम खिलावन डड़सेना, उमा सिदार, सुरेश ध्रुव सहित काफी संख्या में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन लोरमी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।