*महानदी गंगा आरती में शामिल हुए सद्गुरु रितेश्वर महाराज, शबरी मैया के भव्य मंदिर निर्माण की कही बात*

*भूपेन्द्र यादव ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा*
जांजगीर चांपा — छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवरीनारायण में महानदी चौपाटी स्थित घाट पर आयोजित महानदी गंगा आरती में सद्गुरु रितेश्वर महाराज विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां महानदी की आरती की और लगातार आयोजित हो रही दिव्य आरती की सराहना की।
मीडिया से चर्चा करते हुए सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने कहा कि शबरी मैया की भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश समाज में बैर भावना को समाप्त कर आपसी सद्भाव बढ़ाने वाला है। उन्होंने शिवरीनारायण में शबरी मैया का भव्य मंदिर बनाए जाने की बात भी कही।
महानदी गंगा आरती में जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार एवं रायगढ़ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु और गुरु भक्त शामिल हुए। दीपों की जगमगाहट एवं वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर संजय अग्रवाल ने कहा कि महानदी गंगा आरती सहित सभी धार्मिक कार्य गुरुदेव के आशीर्वाद से संपन्न हो रहे हैं। महानदी चौपाटी स्थित घाट पर अनवरत आयोजित हो रही गंगा आरती धार्मिक आस्था, संस्कृति और नदी संरक्षण का संदेश दे रही है।
