नारायणपुर में 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े कार्यक्रम का हुआ आयोजन

नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने निकली जागरूकता रैली, अधिक से अधिक लोगों से संकल्प लेने की अपील

नारायणपुर छत्तीसगढ़
(बीशू मंडल)
नारायणपुर, 26 अगस्त 2026// जिला अंधत्व नियंत्रण समिति, जिला नारायणपुर के तत्वावधान में जिला अस्पताल के सभाकक्ष में 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। यह पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नेत्रदान के महत्व के संबंध में आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया। शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टीआर कुंवर, नोडल अधिकारी डॉ. अभिलाषा सिंह एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम श्री राजीव सिंह बघेल ने नेत्रदान से संबंधित आवश्यक जानकारी दी।
नेत्रदान पखवाड़े के तहत जनमानस में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वाहन के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार अभियान को रवाना किया गया। इसके माध्यम से लोगों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया जाएगा।इसके पश्चात जिले के नेत्र सहायक अधिकारियों, जिला अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा GNM छात्राओं की सहभागिता से संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में नेत्रदान से जुड़ी जानकारी साझा की गई और लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 41वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा देशभर में 25 अगस्त से 8 सितंबर तक मनाया जा रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना और अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है।