कांकेर पुलिस की जनहित में अभिनव पहल, पिड़चोड़ में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित ।

ग्रामीणों से सीधे जुड़ी कांकेर पुलिस,पुलिस और जनता के बीच बढ़ा विश्वास ।
दुर्गूकोंदल / खिलेश्वर नेताम :- कांकेर पुलिस द्वारा जनहित में संचालित विशेष पहल के अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहत्तर के आश्रित ग्राम पिड़चोड़ में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर ठाकुर, जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल के सभापति विकास राजू नायक, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती संतो दुग्गा, थाना प्रभारी दुर्गूकोंदल लक्ष्मीनारायण नामदेव, भाजयुमो महामंत्री राहुल जाम्भुरकर एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष सुचिता पुरामे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के दैनिक उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। साथ ही नशा मुक्ति, यातायात जागरूकता, साइबर अपराध से बचाव, पॉक्सो एक्ट, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा भारतीय न्याय संहिता सहित नए कानूनों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर एसडीओपी शेर बहादुर ठाकुर ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से साइबर ठगी, नशे की प्रवृत्ति एवं सामाजिक अपराधों के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय ही अपराध मुक्त समाज की आधारशिला है।
जनपद सभापति विकास राजू नायक ने कांकेर पुलिस की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को अपने अधिकारों, कर्तव्यों तथा कानूनों की जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त, शिक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में पुलिस और जनप्रतिनिधियों की साझा भूमिका महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को इन जानकारियों का लाभ लेकर अपने गांव को सुरक्षित एवं आदर्श बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
वहीं थाना प्रभारी लक्ष्मीनारायण नामदेव ने उपस्थित ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव एवं महिला-बाल सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी बड़ी घटनाओं को रोक सकती है। सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन लेन-देन में सतर्कता बरतते हुए किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने कांकेर पुलिस द्वारा आयोजित इस जागरूकता एवं जनसेवा कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जो उनके दैनिक जीवन एवं सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की ।